भाजपा अध्यक्ष ने कोविड-19 से निपटने के लिए पीएम केयर्स फंड में दान देने की अपील की
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कोविड-19 से निपटने में सरकारी प्रयासों को मजबूत करने के लिए पीएम केयर्स फंड में पार्टी कार्यकर्ताओं से कम से कम सौ रुपये दान करने और साथ ही दस और लोगों को दान के लिए प्रेरित करने की अपील की है। श्री नड्डा ने कहा कि यह समय की जरूरत है और भाजपा कार्यकर्ता अपने छोटे-छोटे दान से इस महामारी से लड़ाई में बड़ा योगदान कर सकते हैं।
पश्चिम बंगाल सरकार ने कोविड-19 संक्रमित व्यक्तियों की देखभाल में लगे कर्मियों का बीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला अधिकारियों और पुलिस अधिक्षकों के साथ प्रशासनिक समीक्षा बैठक के दौरान इस बात की घोषणा की।
इस बीच, उत्तर बंगाल में कारोना संक्रमण से एक और व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जिसके साथ राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या दो हो गई है।
पूर्वी त्रिपुरा के सांसद रेबती कुमार ने अपने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से एक करोड़ रुपये अंशदान किया है। उन्होंने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए पीएम-केयर्स कोष में भी अपना एक महीने का वेतन दान करने का फैसला किया है।
सिक्किम के मुख्यमंत्री पी एस तमांग ने आज पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित रंगपो का अचानक दौरा किया और कोविड-19 से सम्बधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्साकर्मियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे लोगों की आवाजाही पर सख्ती से निगरानी बनाये रखें और लॉकडाउन के दौरान किसी को भी सिक्किम में प्रवेश करने या बाहर जाने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि चिकित्सा दलों के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण- पीपीई और अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
इस बीच, सोरेंग के एसडीएम हिम्मत राय ने आकाशवाणी को बताया कि सिलिगुड़ी अस्पताल में कोविड-19 के संक्रमण से दम तोड़ने वाले मरीज के साथ यात्रा करने वाले सभी 12 सह-यात्रियों की जांच की गई है और उन्हें क्वारंटीन में भेजा दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कोविड-19 प्रकोप के कारण लगे कर्फ्यू के मद्देनजर राज्य में आवश्यक वस्तुओं की इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक वस्तुओं की प्रभावी ढंग से आपूर्ति बनाए रखने का निर्देश दिया। श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य आपदा मोचन कोष के तहत जारी किया गया धन अब लॉकडाउन में फंसे लोगों के लिए खाना उपलब्ध कराने में उपयोग किया जा सकता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें